अमरोहा
अमरोहा में किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
सरकारी मदद का झांसा देकर तीन बच्चों के पिता ने किया था अपराध

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद में मंडी धनौरा सर्किल के गजरौला थाना क्षेत्र में एक किशोरी से कई बार दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने किशोरी को सरकारी मदद दिलाने का झांसा दिया था।यह मामला गजरौला शहर के एक मोहल्ले का है। पीड़िता की दादी के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले तीन बच्चों के पिता ने उनकी नाबालिग पौत्री को सरकारी सहायता दिलाने का झांसा दिया था। आरोपी ने कहा था कि वह उसके मृत पिता के नाम पर सरकार से एक लाख रुपए दिलवा देगा।आरोपी ने नाबालिग के फर्जी आधार कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र भी बनवाए थे। उसने किशोरी के साथ निकाह की फर्जी रसीद भी तैयार कराई और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। किशोरी की दादी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी परवेज अली के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी परवेज खान पुत्र अली जान को गिरफ्तार कर लिया। गजरौला इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने पुष्टि की है कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



