
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद में नगर के रामलीला मैदान में चल रहे ट्रेड फेयर में सोमवार रात मशहूर हरियाणवी गायिका रेणुका पंवार ने अपनी प्रस्तुति दी। उनके गानों पर दर्शक झूम उठे और कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ी। रेणुका पंवार ने मंच पर आते ही अपने प्रसिद्ध गीत ‘बावन गज का दामन पहन मटक चलूंगी’ से शुरुआत की। इसके अलावा उन्होंने ‘नैना के तीर’, ‘बैरन बैगानी’, ‘चटक-मटक’, ‘मां की लाडली’, ‘चौबारा’ और ‘गुलाबी लहंगा’ जैसे कई अन्य लोकप्रिय गाने भी गाए। उद्योग विभाग द्वारा आयोजित इस ट्रेड फेयर में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहे हैं। रविवार को ‘साजगी द सूफी बैंड’ ने अपनी प्रस्तुति दी थी, जिसके बाद सोमवार को रेणुका पंवार ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा। यह मेला स्थानीय हस्तशिल्प, माटी कला, खादी और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को सशक्त करता है। मेले में उद्योग विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, माटी कला बोर्ड, हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग विभाग और रेशम विभाग जैसी इकाइयों के स्टॉल लगाए गए हैं। यह मेला 18 अक्टूबर तक चलेगा। जिला प्रशासन की ओर से मेले में प्रतिदिन स्टॉल से खरीदारी करने वाले 10 भाग्यशाली लोगों को लकी ड्रॉ के जरिए आकर्षक उपहार भी दिए जा रहे हैं।



