कानपुर
भावना वेलफेयर फाउंडेशन की यह यात्रा केवल सेवा नहीं, बल्कि शिक्षा
पोषण और संस्कार के माध्यम से जीवन बदलने का संकल्प है

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कानपुर : किदवई नगर स्थित डॉ वीरेंद्र स्वरूप स्कूल एजुकेशन सेंटर में शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भवना वेलफेयर फाउंडेशन ने अपने 11 वर्षों की सेवा और ‘जागृति पाठशाला’ के 10 वर्ष पूरे होने का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कानपुर की महापौर प्रमिला पांडेय रहीं। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने कहा “भावना वेलफेयर फाउंडेशन जैसी संस्थाएँ समाज की सच्ची पूँजी हैं। शिक्षा और संस्कार का ऐसा संगम बच्चों के भविष्य को दिशा देता है। मैं संस्था की पूरी टीम को हार्दिक शुभकामनाएँ देती हैं। विशिष्ट अतिथियों में कमलावती सिंह (अध्यक्ष महिला कल्याण बोर्ड, उत्तर प्रदेश एवं उपाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश) तथा अवधेश सोनकर (जिला महामंत्री, भारतीय जनता पार्टी, कानपुर) उपस्थित रहे। दोनों ने संस्था की सराहना करते हुए कहा कि “ऐसे प्रयास समाज में शिक्षा और संवेदना की नई राह खोलते हैं। शामिला नन्दी डायरेक्टर डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर स्कूल एवं प्रिंसपल प्रीति पोद्दार यद्यपि व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं रह सकी,परंतु उन्होंने अपने स्नेहिल संदेश और आशीर्वाद भेजे। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, योग-नृत्य, समूह गीत, कविता-पाठ और नाट्य मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन अनन्या ने किया, जिनकी सहज अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास ने मंच को जीवंत बनाए रखा। वरिष्ठ छात्राएँ आशकीन और फिज़ा ने पूरे कार्यक्रम में समन्वय, प्रस्तुति और बच्चों के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट भूमिका निभाई। ‘जागृति पाठशाला’ के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संस्था की ओर से सभी बच्चों को बैग, स्टेशनरी, ट्रैक सूट, मोज़े और जूते भेंट किए गए। संस्थान के संस्थापक-अध्यक्ष शुभम जैन ने कहा “भावना वेलफेयर फाउंडेशन की यह यात्रा केवल सेवा नहीं, बल्कि शिक्षा, पोषण और संस्कार के माध्यम से जीवन बदलने का संकल्प है।” उन्होंने अपनी समर्पित टीम मोहित, स्वर्णिम, निलेश, अशुतोष, शिवम और आयुष का विशेष रूप से धन्यवाद किया, जिनके सहयोग से कार्यक्रम का प्रत्येक चरण सफल रहा। संस्था ने अपने सहयोगी संस्थानों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने वर्षभर स्वास्थ्य शिविरों, वस्त्र-संग्रह अभियानों और रक्तदान आयोजनों के माध्यम से सहयोग दिया। साथ ही डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर समूह को विशेष धन्यवाद दिया गया जिनके सहयोग और ऑडिटोरियम सुविधा के कारण यह आयोजन संभव हो सका। अंत में संस्था के संस्थापक सदस्यों श्रद्धा,राहुल और ऋषि की उपस्थिति ने इस अवसर को और भी भावनात्मक बना दिया।



