गाजियाबाद
वेतन न मिलने से विद्युत विभाग के संविदा कर्मियों में आक्रोश
तीन माह से बकाया वेतन, कंपनी के खिलाफ भड़का गुस्सा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद): विधुत वितरण खंड प्रथम लोनी में तैनात लाइनमैन, पेट्रोलमैन और एस.एस.ओ. (सब स्टेशन ऑपरेटर) सहित सैकड़ों संविदा कर्मियों ने रविवार को वेतन न मिलने से नाराज़ होकर तहसील परिसर में पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने उपजिलाधिकारी लोनी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
संविदा कर्मियों ने अपने ज्ञापन में बताया कि मैहर इंटरप्राइजेज कंपनी के प्रतिनिधियों जिनमें हरीश अधिकारी व दर्शन ने विगत माह कार्यबहिष्कार के बाद लिखित रूप में यह आश्वासन दिया था कि जिन कर्मचारियों को अगस्त, सितंबर और अक्टूबर माह का वेतन नहीं मिला है, उन्हें 7 नवम्बर तक वेतन दे दिया जाएगा। लेकिन तय समय बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी संविदा कर्मचारी को वेतन नहीं मिला है। इस कारण कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
वेतन न मिलने से परेशान कर्मचारियों ने पहले विधुत वितरण खंड प्रथम कार्यालय पर हंगामा किया और उसके बाद सभी तहसील लोनी पहुंच गए, जहां उन्होंने प्रदर्शन करते हुए अधिकारियों से शीघ्र समाधान की मांग की।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि मैहर इंटरप्राइजेज द्वारा न तो कर्मचारियों का पी.एफ. (भविष्य निधि) जमा किया जा रहा है और न ही ई.एस.आई. (कर्मचारी राज्य बीमा) से संबंधित कार्ड या जानकारी दी जा रही है। इतना ही नहीं, कंपनी की ओर से कर्मचारियों को पहचान पत्र (आईडी कार्ड) तक जारी नहीं किए गए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो वे कार्य बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन हड़ताल करने को विवश होंगे। इससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से राजू यादव, कुलदीप कुमार, ब्रजमोहन, विशाल, शनि, निखिल, अमरीश , मोनू, राजेन्द्र अरविंद, प्रदीप, हरीश , राजबाबू यामीन, सुनील, राम अवतार आदि संविदा कर्मचारी शामिल रहे।
कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि ठेकेदार कंपनी पर सख्त कार्रवाई की जाए और सभी संविदा कर्मियों को शीघ्र बकाया वेतन, पीएफ व ईएसआई से संबंधित लाभ उपलब्ध कराए जाएं।



