शामली

साइकिल सवार को बुलेट ने मारी टक्कर, हायर सेंटर ले जाते समय मौत

बुलेट सवार युवक नाना के साथ शामली जा रहा था लड़की देखने, पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। खेत से साइकिल पर घर लौट रहे युवक को बुलेट मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए बुलेट चालक और उसके नाना को हिरासत में लिया है। परिजनों की ओर से अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।गांव वेदखेड़ी निवासी जयप्रकाश (उम्र स्पष्ट नहीं) पुत्र मानसिंह मंगलवार सुबह करीब नौ बजे बीबीपुर के जंगल स्थित अपने खेत से साइकिल पर घर लौट रहा था। बताया गया कि इसी दौरान बीबीपुर निवासी सूरज पुत्र सुरेश अपने नाना रोहतास के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से शामली में लड़की देखने जा रहा था। मोड़ से हाईवे की ओर पहुंचते ही बुलेट की सामने से आ रही साइकिल से टक्कर हो गई।हादसे में जयप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे झिंझाना के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर हायर सेंटर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल बुलेट मोटरसाइकिल को कब्जे में लेते हुए चालक सूरज और उसके नाना रोहतास को हिरासत में लिया है ।जयप्रकाश अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी शादीशुदा है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर है। थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना ने बताया कि बुलेट चालक और उसके नाना को हिरासत में लिया गया है। अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button