असम के डिब्रूगढ़ जिले में राज्यपाल ने श्रीश्री अनिरुद्धदेव खेल विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार से की समीक्षा बैठक।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने 20 नवम्बर को डिब्रूगढ़ स्थित राजभवन में श्रीश्री अनिरुद्धदेव खेल विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार पंकज बरठाकुर के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान राज्यपाल ने चाबुआ में निर्माणाधीन विश्वविद्यालय के अंतिम चरण के कार्यों और आंतरिक संरचना की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की।बैठक में यह उल्लेख किया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा द्वारा खेल विकास पर विशेष जोर दिए जाने के बावजूद विश्वविद्यालय में अधिसंरचना निर्माण और शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया धीमी गति से चल रही है। इस पर राज्यपाल ने शीघ्र ही राजभवन में एक विस्तृत बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, जिसमें विश्वविद्यालय के नव-नियुक्त कुलपति डॉ. हीरेंद्र नाथ शर्मा और रजिस्ट्रार पंकज बरठाकुर भाग लेंगे। रजिस्ट्रार ने राज्यपाल को अवगत कराया कि वर्तमान में देश के सात राज्यों के छात्र-छात्राएं इस खेल विश्वविद्यालय में अध्ययन कर रहे हैं। इस जानकारी पर राज्यपाल ने संतोष व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि हाल ही में डॉ. हीरेंद्र नाथ शर्मा को श्रीश्री अनिरुद्धदेव खेल विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में नियुक्त किया गया है।



