झारखंड +2 शिक्षक संघ बोकारो का वार्षिक सम्मेलन सह स्वागत समारोह 17 जनवरी को आयोजित होगा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो : कसमार-झारखंड+2 शिक्षक संघ जिला इकाई बोकारो की बैठक सिटी पार्क बोकारो में जिला अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह एवं जिला सचिव डॉ अवनीश कुमार झा के नेतृत्व में आयोजित हुई। जिसमें संघ की वार्षिक सम्मेलन सह स्वागत समारोह एवं वन भोज का आयोजन कोनार डैम के तट पर जनवरी माह के तृतीय शनिवार 17 जनवरी 2026 को आयोजित करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। सर्व सम्मत निर्णय के अनुसार आयोजन पारिवारिक होगा जिसमें जिले के सभी स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक एवं प्रयोगशाला सहायक सपरिवार हिस्सा लेंगे। आयोजक मंडली में मुख्य रूप से विद्यालय प्रतिनिधि संतोष कुमार महतो प्रमंडलीय प्रतिनिधि देव कुमार यादव समेत वह क्षेत्र के समस्त शिक्षक एवं प्रयोगशाला सहायक शामिल रहेंगे। उक्त अवसर पर 30 सितंबर 2024 के पश्चात बोकारो जिले में पदस्थापित प्रतिनियुक्त एवं स्थानांतरित सभी शिक्षकों एवं प्रयोगशाला सहायकों का संघ के तरफ से औपचारिक स्वागत किया जाएगा।आज की बैठक में हर्ष ध्वनि के साथ दृष्टि बाधित महिला विश्व कप क्रिकेट फाइनल में भारतीय महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम के विजय पर टीम को बधाई दी गई। साथ ही डॉ अविनाश कुमार पीजीटी हजारीबाग को बेहतर स्वास्थ्य हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान करने वाले सभी शिक्षकों एवं प्रयोगशाला सहायकों के प्रति आभार प्रकट किया गया। ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्थानांतरण के आलोक में सरकार से आग्रह किया गया की स्थानांतरण के क्रम में किसी ऐसे शिक्षक शिक्षिका का स्थानांतरण किसी और जिले में न किया जाए जो स्वयं स्थानांतरित होकर बोकारो जिले में आए हैं या जो पति-पत्नी इसी जिले में कार्यरत है। बैठक में कुछ शिक्षकों की लंबित समस्याओं के निराकरण हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी बोकारो से मिलने का निर्णय लिया गया। बैठक में मुख्य रूप से कोषाध्यक्ष राजदेव साहू उपाध्यक्ष लालचंद रजक संयुक्त सचिव डॉ शक्तिपद महतो एवं भरत कुमार महतो संगठन मंत्री बृजेश कुमार सदस्य अरुण कुमार महतो जितेंद्र कुमार आदि उपस्थित थे।



