गोड्डा
महागामा में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का बड़ा अभियान
एसडीपीओ चंद्रशेखर आज़ाद के नेतृत्व में चला जागरूकता कार्यक्रम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। महागामा अनुमंडल क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आज़ाद के नेतृत्व में भव्य सड़क जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसने पूरे क्षेत्र का ध्यान आकर्षित किया। अभियान के तहत महागामा के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त सड़कों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट अनिवार्य, ओवर स्पीड से बचाव, नशे की हालत में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात नियमों का पालन करने को लेकर सख्त लेकिन मित्रवत तरीके से जागरूक किया गया। नियमों की अनदेखी करने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई, वहीं कई लोगों को मौके पर समझाइश देकर भविष्य में सतर्क रहने की सलाह दी गई एसडीपीओ चंद्रशेखर आज़ाद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। पुलिस का लक्ष्य सिर्फ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों की जान की रक्षा करना है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं भी जागरूक बनें और दूसरों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें।इस अभियान में स्थानीय थाना पुलिस, ट्रैफिक पुलिस एवं अन्य पुलिसकर्मी सक्रिय रूप से शामिल रहे। सड़क जागरूकता अभियान से आम लोगों में सुरक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश गया है। पुलिस प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में ऐसे विशेष अभियान और तेज किए जाएंगे, ताकि महागामा क्षेत्र को सड़क दुर्घटनाओं से मुक्त बनाया जा सके।पुलिस का संदेश साफ है— नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें, जीवन बचाएं। मौके पर उपस्थित महागामा थाना प्रभारी मनोज पाल ललमटिया थाना प्रभारी रोशन कुमार सिंह एवं सभी पुलिसकर्मी एवं महागामा के ग्रामवासी उपस्थित थे।



