मथुरा

बरसाना में एक्सीडेंट में दिल्ली के दो युवकों की मौत

अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा के बरसाना थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा घने कोहरे के कारण अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ। पुलिस के अनुसार, दिल्ली निवासी तीन युवक बुधवार शाम वृंदावन पहुंचे थे। उन्होंने बांके बिहारी जी के दर्शन किए और गुरुवार सुबह गिरिराज जी के दर्शन के बाद बरसाना में राधारानी के दर्शन के लिए जा रहे थे। सुबह करीब आठ बजे गोवर्धन रोड पर जरैला चौराहा के पास घना कोहरा छाया हुआ था। इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसके पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर बरसाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बरसाना थाना प्रभारी चेतराम शर्मा ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे तीन युवक सड़क पर घायल अवस्था में मिले थे। पुलिस ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए भिजवाया। मृतकों में से एक की पहचान दिल्ली के केशव नगर, स्वरूप नगर थाना क्षेत्र निवासी तन्नू शर्मा के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। घायल युवक अभिषेक, जो दिल्ली के केशव नगर, स्वरूप नगर थाना क्षेत्र का निवासी है, ने बताया कि वह अपने दोस्त तन्नू शर्मा के साथ बुधवार को वृंदावन आया था। गुरुवार को गिरिराज जी के दर्शन के बाद वे बरसाना जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button