
असम के कामरूप जिले की दिसंबर माह की विकास समिति की बैठक आज शुक्रवार को जिला आयुक्त देव कुमार मिश्र की अध्यक्षता में पूर्वी गुवाहाटी वन मंडल के गड़भंगा वन मंडलीय कार्यालय के नाहर पाम वन क्षेत्र में आयोजित हुई। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, अमृत सरोवर, महात्मा गांधी एनरेगा, पीपीडीसीएल, शिक्षा, लोक निर्माण विभाग एवं आवास, लोक निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग, जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग का जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य, कृषि अभियंत्रिकी, कृषि विभाग की पीएम किसान, किसानों का पंजीकरण, रबी फसल बीमा, समाज कल्याण, नगर पालिका, खाद्य वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग, भूमि संरक्षण, मत्स्य, पशुपालन एवं पशु चिकित्सा, हस्ततंत एवं वस्त्र उद्योग, सिंचाई, उद्योग एवं वाणिज्य, जल संसाधन, वन, कर्मचारी नियोजन आदि विभागों के अंतर्गत चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।कामरूप जिले के जिला आयुक्त देव कुमार मिश्र ने विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को उनके विभागों के अंतर्गत चल रही विकासात्मक परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण (आवास) विभाग को फ्रेंचिसिक महाविद्यालय तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा निर्मित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए खंड विकास अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। बैठक की शुरुआत में अंतरविभागीय एवं पिछले माह की बैठकों में दिए गए निर्देशों का अनुपालन दर्ज किया गया। इस अवसर पर कामरूप जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिद्धार्थ गोस्वामी, जिला विकास आयुक्त सुशांत कुमार दत्त, अतिरिक्त जिला आयुक्त आदित्य गोगोई एवं गीता श्री लाचित, रंगिया संयुक्त जिला आयुक्त देवाशीष गोस्वामी तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



