नहर कटी 50 बीघा फसल जलमग्न किसान परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। तहसील क्षेत्र अंतर्गत भगनपुर ग्राम सभा से होकर गुजरने वाली रामनगर रजबहा नहर की पटरी देर रात अचानक कट गई। इससे आसपास के कई खेतों में पानी भर गया और कई बीघे में खड़ी गेहूं की फसल जलमग्न हो गई।
सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे। तो उन्होंने अपनी फसलों को पानी में डूबा देखा। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान सौरभ यादव को सूचित किया। सूचना के बाद ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
ग्राम प्रधान ने तत्काल नहर विभाग के अधिकारियों को फोन पर घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों का कहना है कि नहर में पानी का दबाव अचानक बढ़ जाने के कारण पटरी कटी, जिससे खेतों में पानी फैल गया और गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है।
किसानों ने प्रशासन से इस क्षति के लिए उचित मुआवजा दिलाने और नहर की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।
किसानों ने इसे नहर विभाग की लापरवाही बताया है। किसान संजय मौर्य का कहना है कि नहर विभाग द्वारा सफाई सही तरीके से न होने के कारण किसानों को नुक्सान का सामना करना पड़ रहा है नहर विभाग की लापरवाही के कारण किसानों की लगभग 50 बीघा फसल जलमग्न हो गई । जेसीबी बुलाकर बंधा बनाकर सही कराया गया ।
इस घटना से प्रभावित होने वाले किसानों में विमल शुक्ला, जनकलली, राजेश मौर्य, जियालाल यादव, राजबहादुर, मतदायल, रामअचल, अजय कुमार, सुखदेव, भरत, शत्रुघ्न प्रसाद, राम भवन सिंह, राम कुमार मौर्य और नरेंद्र कुमार मिश्रा सहित कई अन्य शामिल हैं।


