बरेली
बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार चिंताजनक
भारत सरकार करे वैश्विक हिंदुओं की रक्षा ;प्रवीण तोगड़िया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने बरेली में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बांग्लादेश सहित विभिन्न देशों में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों को गंभीर और दुखद बताया।
उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े हिंदुओं की हत्या की जा रही है, बहन-बेटियों पर अत्याचार हो रहे हैं और यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि जैसे अमेरिका ने नाइजीरिया में ईसाइयों पर हुए हमलों के बाद सेना भेजकर कार्रवाई की, उसी प्रकार भारत सरकार को भी दुनिया भर में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
धर्मांतरण पर जताई चिंता धर्मांतरण के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि देश में बड़ी संख्या में हिंदुओं का धर्मांतरण ईसाई और मुस्लिम समुदायों में हो रहा है।
उन्होंने इसे एक गंभीर सामाजिक समस्या बताते हुए कहा कि जहां भी ऐसी कोई घटना सामने आए, वहां हिंदुओं को एकजुट होकर इसका विरोध करना चाहिए और समाज की रक्षा करनी चाहिए।
जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग जनसंख्या कानून को लेकर प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि एक देश में दो अलग-अलग कानून नहीं चल सकते।
उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदुओं के दो से अधिक बच्चे होने पर कई सरकारी सुविधाएं बंद हो जाती हैं, जबकि मुसलमानों पर ऐसे नियम लागू नहीं होते।
बांग्लादेशी घुसपैठ को लेकर बयान बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे पर प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि 1991 की मतदाता सूची को आधार बनाकर जांच होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि यदि सख्त जांच प्रक्रिया अपनाई जाए तो देश से अवैध घुसपैठ की समस्या पर काबू पाया जा सकता है।
प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद हिंदुओं की सुरक्षा, अधिकारों और संस्कृति की रक्षा के लिए निरंतर आवाज उठाती रहेगी।



