अमेठी

कोरारी गांव के पास बना वैकल्पिक मार्ग कटा

25 हजार आबादी का आवागमन ठप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

अमेठी। नगर से विशेषरगंज होते हुए किठावर को जाने वाली दो लेन सड़क पर कोरारी के पास नहर पर चौड़े पुल का निर्माण होने के कारण राहगीरों के आवागमन के लिए बनाया गया वैकल्पिक मार्ग कट जाने से आवागमन ठप पड़ गया है। क्षेत्र की लगभग 10 हजार की आबादी के साथ ही इस सड़क पर आवागमन करने वाले प्रतापगढ़ जिले के लोगों को पांच किलोमीटर तक चक्कर लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं नहर विभाग ने दो दिन में रास्ता ठीक करवाने की बात कही है। अमेठी-किठावर मार्ग का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। इस मार्ग पर कोरारी गांव के पास नहर गई है।
जिस पर बने संकरे पुल को तोड़कर पीडब्लूडी विभाग द्वारा नया चौड़ा पुल बनाया जा रहा है। जिसके लिए पुल निर्माण करा रही कार्यदायी संस्था द्वारा बगल से नहर के बीच से होते हुए वैकल्पिक मार्ग बनवाया गया था। एक दिन पूर्व नहर में पानी आने से वह वैकल्पिक मार्ग कट गया। यह मार्ग अमेठी से किठावर प्रतापगढ़ आने-जाने का मुख्य मार्ग है। इस मार्ग से लाखों लोग प्रतिदिन आते जाते हैं। चार पहिया व दो पहिया वाहनों की लाइन लगी रहती है। वैकल्पिक मार्ग कट जाने के चलते लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
लोग पांच किलोमीटर तक घूम कर अमेठी आने जाने को मजबूर हो रहे हैं। ग्राम प्रधान अनिल पांडे ने बताया कि सोमवार को नहर का पानी अधिक आ जाने से वैकल्पिक मार्ग को जेसीबी से विभागीय अधिकारियों ने खोदवा दिया है। अधिकारी बोले पीडब्लूडी के अवर अभियंता ओपी यादव ने बताया कि नहर में पानी आ गया था। जो दूसरी तरफ नहीं जा रहा था। नहर विभाग के कर्मचारी आए थे और उन्होंने वैकल्पिक मार्ग कटवा दिया। उन्होंने बताया कि दो दिन में वैकल्पिक मार्ग पुनः बन जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button