
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। आईएमए मेरठ क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के तहत रविवार को एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के क्रिकेट ग्राउंड पर प्रेसिडेंट इलेवन और सेक्रेटरी इलेवन के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच के मुख्य अतिथि एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता रहे। मुकाबले में सेक्रेटरी इलेवन की कप्तानी डॉ. वी.एन. त्यागी ने की, जबकि प्रेसिडेंट इलेवन के कप्तान डॉ. अमित गर्ग रहे।
टॉस सेक्रेटरी इलेवन ने जीता और सुबह की नमी व ओस को ध्यान में रखते हुए पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। शुरुआती ओवरों में प्रेसिडेंट इलेवन के विकेट जल्दी गिरने से यह फैसला सही साबित हुआ। हालांकि मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजों ने संभलकर खेलते हुए 25 ओवर में 155 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। डॉ. विजय सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 55 गेंदों में 77 रन बनाए, जिसमें 7 चौके शामिल रहे। डॉ. वी.एन. त्यागी ने 12 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में डॉ. भानु प्रताप सिंह ने 3 विकेट लिए, जबकि डॉ. अमित सैनी, डॉ. असीम रस्तोगी और डॉ. अमित गर्ग को एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेसिडेंट इलेवन की टीम 25 ओवर में 139 रन ही बना सकी। डॉ. विवेक मिश्रा ने 52 गेंदों में 41 रन की जुझारू पारी खेली। डॉ. असीम रस्तोगी ने 18 और डॉ. अंबरीश गुप्ता ने 10 रन बनाए। सेक्रेटरी इलेवन की ओर से डॉ. रवि राणा और डॉ. सौरभ अग्रवाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके।
इस प्रकार सेक्रेटरी इलेवन ने 16 रनों से मुकाबला जीत लिया।
विशेष पुरस्कारों में डॉ. विजय सिंह को मैन ऑफ द मैच, डॉ. विवेक मिश्रा को फाइटर ऑफ द मैच, डॉ. असीम रस्तोगी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, डॉ. रवि राणा को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और डॉ. अमित सैनी को सर्वश्रेष्ठ फील्डर चुना गया।
मैच के दौरान दर्शक दीर्घा में कई वरिष्ठ चिकित्सक अपने परिवारों के साथ उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. मनीषा त्यागी, डॉ. विकास गुप्ता, डॉ. अम्बेश पवार, डॉ. वी.पी. कटारिया, डॉ. गीतांजलि बेंद्रे, डॉ. चारू गर्ग, डॉ. अनिल कपूर, डॉ. तविंदर ठाकुर, श्रीमती नीलिमा सिंह, डॉ. निशी गोयल, डॉ. सतीश अरोड़ा और डॉ. संजय गोयल प्रमुख रहे।


