नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : अंकुर बिहार थाना क्षेत्र के रेल बिहार में बुधवार दोपहर 28 वर्षीय महिला आशी गौतम ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में महिला के प्रेमी धीरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की दिल्ली निवासी बुआ इंदु द्वारा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में धीरज कुमार को नामजद किया गया है। शिकायत के अनुसार, धीरज ने आशी को शादी का भरोसा देकर उससे संबंध बनाए। बाद में जब आशी को धीरज की पूर्व शादी की जानकारी मिली और उसने विवाह के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने उसे और उसके परिजनों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
धीरज कुमार पेशे से प्रॉपर्टी डीलर हैं और आशी उनके कार्यालय में कार्यरत थी। हैरानी की बात यह रही कि घटना की जानकारी सबसे पहले खुद धीरज ने ही पुलिस को दी, जिसके बाद पूरे मामले की जांच शुरू हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि आशी पिछले चार से पांच वर्षों से उसके ऑफिस में काम कर रही थी। उसने बताया कि बीते चार-पांच महीनों से आशी को वेतन नहीं मिल रहा था, जिससे वह काफी तनाव में थी। आशी अपनी मां और बहन के साथ रेल बिहार इलाके में रहती थी और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसी पर थी। आरोपी के अनुसार, आर्थिक तंगी और मानसिक दबाव के चलते आशी ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
एसीपी अंकुर बिहार ज्ञान प्रकाश रॉय ने बताया कि आरोपी धीरज कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में चिंता और चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मानसिक तनाव और उत्पीड़न के मामलों को समाज को गंभीरता से समझने और समय रहते संवेदनशील होने की जरूरत है


