राज्यकर्मियों ने मांगों के समर्थन में निकाली ध्यानाकर्षण रैली

एनपीटी गोड्डा ब्यूरो
गोड्डा : झारखंड ऑफिसर्स टीचर्स एंड इंप्लाइज फेडरेशन (झारोटेफ) के बैनर तले जिले के बसंतराय, पथरगामा, बोआरीजोर और सुन्दरपहारी प्रखंड में 11 सूत्री मांगों को लेकर ध्यानाकर्षण रैली निकाली गई। सुन्दर पहाड़ी प्रखंड में झारोटेफ जिला अध्यक्ष सुमन कुमार और प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार नेतृत्व में रैली का आगाज हुआ तो पथरगामा प्रखंड में जिला सचिव सुभाष चंद्र ने रैली की बागडोर संयुक्त सचिव आशुतोष पांडे तथा प्रखंड अध्यक्ष नचिकेता कुमार के साथ मिलकर निभाई। बसंतराय प्रखंड में जिला कार्यकारिणी की सदस्या जाहिदा खातून और प्रखंड अध्यक्ष सुभाष रविदास ने रैली की कमान अपनी हाथों में सम्हाल रखी थी। बोआरीजोर में झारोटेफ के प्रखंड अध्यक्ष निर्मल कुमार भगत के कुशल नेतृत्व में रैली का सफल आयोजन हुआ।जिला सचिव सुभाष चंद्र ने जानकारी दी कि सभी प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा राज्य के मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव के नाम से ज्ञापन सौंपा गया है।