बरेली
एक करोड़ के 516 मोबाइल बरामद, जनता की खोई मुस्कान वापस दिलाने में पुलिस एक बार फिर कामयाब
लोगों ने कहा– पुलिस हो तो ऐसी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। जनता की खोई मुस्कान लौटाने में बरेली पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है। गुमशुदा मोबाइल फोनों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 516 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। बरामद किए गए इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई है।
तकनीकी सहायता और पोर्टल के माध्यम से की गई लगातार मॉनिटरिंग के बाद जनपद के विभिन्न इलाकों से मोबाइल फोन ट्रेस किए गए। 4 फरवरी को रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित रविन्द्रालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए। अपने हाथों में मोबाइल पाते ही नागरिकों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई और पुलिस के प्रयासों की खुलकर सराहना की गई।
पुलिस अधीक्षक यातायात अकमल खान के अनुसार, अब तक इस अभियान के तहत कुल 3648 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये है। बरेली पुलिस ने आमजन को भरोसा दिलाया है कि यह जनहितकारी अभियान आगे भी पूरी सख्ती और प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा।



