
पत्नी और देवर ने रची साजिश, एक लाख की सुपारी देकर पान दुकानदार की कराई हत्या
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा: थाना क्षेत्र के मांगन पिपरा गांव में 27-28 जनवरी की रात हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। 32 वर्षीय पान दुकानदार अमित कुमार मोदी की धारदार हथियार से सिर पर वार कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। मामले में महागामा थाना कांड संख्या 12/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चन्द्रशेखर आजाद ने प्रेस वार्ता में बताया कि कांड की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर गहन छानबीन की गई। जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी सोनी देवी और उसके देवर रोहित मोदी के बीच पिछले 5-6 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने मिलकर अमित को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी, ताकि बाद में विवाह कर सकें। हत्या को अंजाम देने के लिए रोहित मोदी ने गांव के मो. शाईन आलम को एक लाख रुपये की सुपारी दी। शाईन ने अपने सहयोगी विजेन्द्र पासवान उर्फ बिदो को 25 हजार रुपये में शामिल किया। घटना से एक सप्ताह पूर्व गंडासा खरीदा गया और 27 जनवरी की रात शराब पिलाने के बहाने अमित को सुनसान स्थान पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की कोशिश भी की गई। मृतक का मोबाइल फोन पत्नी ने छिपा लिया और बाद में गंगा स्नान के दौरान गंगा नदी में फेंक दिया। हालांकि पुलिस की तकनीकी जांच के आगे साजिश ज्यादा देर तक छिप नहीं सकी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गंडासा, खून लगी मिट्टी, दो मोबाइल फोन और महुआ शराब की बोतल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में मो. शाईन आलम (25 वर्ष), विजेन्द्र पासवान उर्फ बिदो (35 वर्ष) और सोनी देवी (30 वर्ष) शामिल हैं। छापेमारी दल में पु.नि. उपेन्द्र कुमार महतो, थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल, पु.अ.नि. रोमा कुमारी, पु.अ.नि. जुगनु महथा, स.अ.नि. खालीद अहमद खान सहित महागामा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। इस खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।



