सिंगरौली
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में ABVP का विशाल धरना-प्रदर्शन
छात्रों की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में विद्यार्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विद्यार्थी परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर छात्रों की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान ABVP ने कहा कि महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन बार-बार अवगत कराने के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
विद्यार्थी परिषद की प्रमुख मांगों में महाविद्यालय में सफाई कर्मियों की नियुक्ति कर स्वच्छता व्यवस्था सुधारना, गर्ल्स शौचालय में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन लगाना, राजनीतिक कार्यक्रमों पर नियंत्रण, छात्रों के लिए बसों की संख्या बढ़ाना, नई बिल्डिंग के चारों ओर बाउंड्री वॉल का निर्माण, पुस्तकालय में नई पुस्तकों की उपलब्धता, कैंटीन व्यवस्था दुरुस्त करना, सीसीटीवी कैमरे लगाना तथा पेयजल के लिए आरओ की गुणवत्ता जांच शामिल है।
इसके अलावा बी.कॉम., बी.एससी. एवं बी.ए. के परिणामों में हो रही देरी और त्रुटियों को रोकने के लिए महाविद्यालय में APS सेंटर स्थापित करने की भी मांग की गई।
ABVP ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो छात्रहित में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन में विद्यार्थी परिषद के अध्यक्ष अजीत शाह, नगर मंत्री एवं प्रदेश कार्य समिति सदस्य राहुल विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में ABVP कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



