बरेली
बीडीए की महायोजना में 35 गांवों में मिलेंगी शहर जैसी सुविधाएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बरेली। शहर की सीमा से सटे गांव अब बदलाव की दहलीज पर खड़े हैं। बरेली विकास प्राधिकरण ने 35 नए गांवों के लिए महायोजना तैयार करने के लिए मार्स एजेंसी का चयन कर विकास को रफ्तार दे दी है। तकनीकी परीक्षण और विस्तृत मूल्यांकन के बाद इस एजेंसी का चयन किया गया है।
बीडीए के अधिकारियों का कहना है कि बीते वर्ष अपने अधिकार क्षेत्र को 264 से बढ़ाकर 299 गांवों तक विस्तारित करने का जो दूरदर्शी निर्णय लिया था, वह अब जमीनी हकीकत में बदलता दिखाई दे रहा है। 579 वर्ग किलोमीटर में फैले इस विस्तारित क्षेत्र के लिए महायोजना-2031 की तर्ज पर सुनियोजित खाका तैयार किया जाएगा, जिसमें आवासीय योजनाएं, चौड़ी और सुदृढ़ सीसी सड़कें, आधुनिक अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, वाणिज्यिक कॉम्प्लेक्स, पार्क, खेल मैदान और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं शामिल होंगी।
मुख्य अभियंता एपीन सिंह का कहना है कि शहर से सटे गांवों को शहरी सुविधाओं से जोड़ने की यह पहल न केवल आधारभूत ढांचे को मजबूत करेगी, बल्कि ग्रामीण और शहरी विकास के बीच की दूरी भी कम करेगी।। यही नहीं महायोजना लागू होने के साथ ही भू-उपयोग का स्पष्ट निर्धारण किया जाएगा, जिससे अवैध और अनियोजित निर्माण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो सकेगा। पहले से बने भवनों को कंपाउंडिंग शुल्क जमा कर नियमित कराने की सुविधा दी जाएगी, जबकि नए निर्माण के लिए मानचित्र स्वीकृति अनिवार्य होगी। दावा है कि यह कदम आने वाले वर्षों में बरेली के विस्तारित क्षेत्र को आधुनिक, सुरक्षित और समृद्ध पहचान दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।



