नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पटसेमरा के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही मोटर साइकिल की टक्कर से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने नामजद बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी तहरीर में ग्राम रजवारा निवासी जगभान कुशवाहा ने बताया कि उनका 23 वर्षीय पुत्र अजय 20 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे राजमिस्त्री का काम करके अपने घर लौट रहा था। जब वह ग्राम पटसेमरा स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा, तभी सामने से आ रहे कृष्णकांत पुत्र द्वारिका प्रसाद निवासी चढऱऊ ने अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को तेज गति और गलत साइड से चलाते हुए अजय की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय की मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई और उसके चेहरे, हाथ व पैर में गंभीर चोटें आईं। हादसे में उसके साथ मौजूद साथी प्रकाश भी गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों द्वारा दोनों को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया।पुत्र की मौत से परिवार सदमे में है और घर में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने जगभान कुशवाहा की तहरीर पर आरोपी कृष्णकांत के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 281, 125(बी), 106 और 324(2) में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
