
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। शहर की पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री शिव मंदिर में शिव परिवार महिला मंडल द्वारा फाग उत्सव बड़ी धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक उत्साह के साथ फूलों की होली खेलकर भक्तिमय वातावरण बना दिया।
उत्सव के दौरान महिला मंडल की सदस्यों ने होली के मधुर एवं भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी, जिन पर उपस्थित श्रद्धालु झूम उठे। मंदिर परिसर रंग-बिरंगे फूलों और भक्ति गीतों की गूंज से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाएं महिला मंडल द्वारा ही संभाली गईं। अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। फाग उत्सव के इस आयोजन ने आपसी सौहार्द, श्रद्धा और उल्लास का संदेश दिया।


