सिंगरौली
सिंगरौली पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरा, CCTV से संवेदनशील स्थानों पर की जा रही है निगरानी
पुलिस द्वारा जिला मुख्यालय सहित संपूर्ण थाना क्षेत्रों में निकाला गया फ्लैग मार्च, सोशल मीडिया पर रखी जा रही है पैनी नजर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली । त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए दिनांक 05-07-2025 को पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री जिला सिंगरौली के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन के मार्गदर्शन में शहरी क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च निकाला गया जो थाना बैढ़न, थाना विंध्यनगर, थाना नवानगर के क्षेत्रो में निकाला गया। इसी प्रकार जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना प्रभारियों द्वारा पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र के मुख्य चौराहों, बाजार एवं संवेदनशील स्थानों पर फ्लैग मार्च निकाला गया।
जियावन क्षेत्र में निकाला गया फ्लैग मार्च
आगामी त्योहारों के दृष्टिगत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन के नेतृत्व में थाना जियावन क्षेत्र में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार, चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों से होकर गुज़रा, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना का संचार करना तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना रहा। फ्लैग मार्च के दौरान आम जनता को शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सहयोग की अपील भी की गई।
ड्रोन कैमरों व CCTV से सतत निगरानी
जिला मुख्यालय सहित जिले के संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों तथा शहर के प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी
सिंगरौली पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर भी बारीकी से नजर रखी जा रही है। सिंगरौली पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के द्वारा जिले के सभी गणमान्य नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की पोस्ट जो सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ सकती हो ऐसी पोस्ट, शेयर, कमेंट न करें एवं इस प्रकार की संदिग्ध गतिविधि प्रकाश में आने पर तत्काल पुलिस कन्ट्रोल रूम सिंगरौली के मोबाइल नंबर 7049134457 पर या पुलिस स्टेशन पर सूचित करें।



