गाजियाबाद
लोनी में डॉ. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत 10 स्थलों के विकास की मांग
चौधरी चरण सिंह पार्क को भी शामिल करने की उठी आवाज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर लोनी में मांग तेज हो गई है। लोनी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार ने जिलाधिकारी गाजियाबाद को पत्र भेजकर शासनादेश संख्या 2025/26-3-2026-2004864 दिनांक 21 जुलाई 2026 तथा 9 अप्रैल 2026 के शासनादेश का हवाला देते हुए लोनी विधानसभा क्षेत्र में स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की आदमकद प्रतिमाओं एवं स्मारक स्थलों का चिन्हांकन कर उन्हें योजना में शामिल किए जाने की मांग की है।
उन्होंने पत्र में कहा है कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 10 आंबेडकर प्रतिमा एवं स्मारक स्थलों का चयन कर प्रति स्थल अधिकतम ₹10 लाख की लागत से सुरक्षा, छत्र निर्माण, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, चहारदीवारी, हरितीकरण, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य विकास कार्य कराए जाने हैं।
सुरेंद्र कुमार ने लोनी विधानसभा क्षेत्र के विकास नगर, इन्द्रापुरी, जावली, बेहटा हाजीपुर, बाग राणप, दुगरावली, पंचलोक, मंडोला, गनौली और फरखनगर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा एवं स्मारक स्थलों को योजना में शामिल कर उनका सर्वे, आगणन तैयार कराने तथा शीघ्र विकास कार्य शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान के साथ-साथ सामाजिक न्याय एवं सामाजिक समरसता को भी मजबूती मिलेगी।
दूसरी ओर, बबीता तोमर एडवोकेट ने भी जिलाधिकारी को पत्र भेजकर लोनी बॉर्डर स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क को इस योजना के अंतर्गत शामिल करने तथा पार्क का व्यापक सौंदर्यीकरण एवं विकास कराए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पार्क को विकसित किए जाने से क्षेत्रवासियों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिलेंगी और यह स्थल सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सकेगा।

