
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के इमलिया गांव में खेत की मेंड़ पर लगे बेर के पेड़ के मालिकाना हक को लेकर शुरू हुआ विवाद मंगलवार देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। एक पक्ष के लोगों पर आरोप है कि उन्होंने दूसरे पक्ष के घर पर धावा बोलकर सोते हुए परिजनों पर लाठी-डंडों से हमला किया। घटना में दो महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार इमलिया निवासी जगदीश जाटव और दमदमा निवासी श्याम सिंह गुर्जर के बीच मंगलवार दोपहर खेत की मेंड़ पर लगे बेर के पेड़ को लेकर कहासुनी हुई थी। इस दौरान श्याम सिंह की पत्नी श्यामवती घायल हो गई थी। विवाद के बाद दोनों पक्ष कोतवाली थाने पहुंचे, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की समझाइश से समझौता करा दिया गया। आरोप है कि समझौते के कुछ घंटों बाद ही मंगलवार रात करीब 12 बजे श्याम सिंह गुर्जर पक्ष के लोग जगदीश जाटव के घर पहुंचे और हमला कर दिया। हमले में जगदीश जाटव (50), उनकी पत्नी संतरा देवी (45), बेटे लेखराज (32) और सुनील (30), पुत्रवधू दीपा (30) तथा जूबी (27) घायल हो गए। सभी को बयाना उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से जगदीश और दीपा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
कोतवाली थाने के एएसआई सुरेश मीना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।


