शामली

यातायात नियमों को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान

दिल्ली बस अड्डे पर चालकों को दी सुरक्षा की सीख

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कांधला पुलिस द्वारा दिल्ली बस अड्डे पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व कस्बा इंचार्ज जुल्फिकार ने किया। उनके साथ हेड कांस्टेबल अजय कुमार, होमगार्ड यशपाल एवं होमगार्ड मनोज कुमार भी मौजूद रहे। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बस अड्डे पर मौजूद दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। कस्बा इंचार्ज जुल्फिकार ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क पर सुरक्षित यात्रा तभी संभव है जब प्रत्येक व्यक्ति यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करे। नियमों की अनदेखी न केवल चालान का कारण बनती है, बल्कि कई बार यह जानलेवा भी साबित होती है। उन्होंने विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग करें, वहीं चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाकर ही वाहन चलाने की सलाह दी। कस्बा इंचार्ज ने कहा कि शराब या किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन चलाना गंभीर अपराध है, जिससे स्वयं चालक के साथ-साथ अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने और सड़क संकेतों का सम्मान करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी भी दी। साथ ही बताया कि थोड़ी सी सावधानी बड़ी दुर्घटनाओं को टाल सकती है। इस जागरूकता अभियान के दौरान दिल्ली बस अड्डे पर बड़ी संख्या में वाहन चालक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समय-समय पर होते रहने चाहिए, ताकि आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बनी रहे और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। पुलिस का यह प्रयास न केवल कानून पालन की दिशा में एक कदम है, बल्कि सुरक्षित और जिम्मेदार समाज के निर्माण की ओर भी एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button