अलवर
जिला कलक्टर ने किया बाम्बोली शिविर का निरीक्षण मौके पर ही आमजन के कार्यों को पूरा करने के अधिकारियों को दिए निर्देश
ग्रामीणों से संवाद कर शिविर की व्यवस्था व क्षेत्र में संचालित योजनाओं का लिया फीडबैक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अलवर । जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने आज रामगढ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बाम्बोली में पं. दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा के तहत आयोजित शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सालुखे गौरव रवीन्द्र भी मौजूद रहे।
जिला कलक्टर ने कहा कि आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर राज्य सरकार द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाडा आयोजित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत अलवर जिले में लगाए जा रहे इन शिविरों में 30 विभागों की 63 सेवाएं आमजन को उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से आवाहन किया कि अधिक से अधिक लोग शिविर का लाभ उठाये एवं अन्य लोगों को भी इसमें लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान उन्होंने पात्र ग्रामीणों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए।
विभागीय काउंटरों का किया अवलोकन, ग्रामीणों से लिया फीडबैक
उन्होंने शिविर में विभागों द्वारा लगाए गए काउंटर का अवलोकन किया। उन्होंने वहां पर उपस्थित ग्रामीणों से शिविर की कार्यप्रणाली आदि के बारे में फीडबैक लिया। ग्रामीणो ने अवगत कराया कि शिविर में सुचारू ढंग से कार्य हो रहे हैं। कार्मिक व अधिकारी गंभीरता से एक-एक विषय को सुनकर उसका निस्तारण कर रहे हैं। उन्होंने उपखण्ड अधिकारी को निर्देश प्रयास करें कि शिविर में आने वाले प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारित कराया जावे। उन्होंने निर्देश दिये कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन सत्यापन के शेष प्रकरणों सहित अन्य कार्यों को भी शिविर में संपादित करें।
तालाब का निरीक्षण कर सौन्दर्यकरण के कार्य कराने के दिए निर्देश
जिला कलक्टर ने ग्राम बाम्बोली में तालाब का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देशित किया कि तालाब की साफ-सफाई एवं सौन्दर्यकरण के कार्य कराकर पर्यटन स्थल के रूप विकसित करावे। उन्होंने निर्देश दिये कि तालाब के आसपास सघन पौधारोपण करावे तथा हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक पौधे लगाने हेतु ग्रामीणों को प्रेरित करें। इस दौरान उन्होंने हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत पौधोरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान उपखण्ड अधिकारी सुरेन्द्र प्रसाद ने शिविर की व्यवस्थाओं एवं शिविर की प्रगति के बारे में जिला कलक्टर को अवगत कराया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र में लगने वाले समस्त कैम्पों में अधिक से अधिक लोगों को मौके पर ही राहत प्रदान की जाएगी। इस दौरान संबंधित अधिकारी एवं बडी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




