सिंगरौली

धौहनी जंगल में संदिग्ध हालात में युवती की मौत, पति बता रहा एक्सीडेंट, 

परिजन बोले यह सड़क दुर्घटना नहीं सोची समझी हत्या

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली  । सिंगरौली जिले के सरई थाना अंतर्गत धोहनी सड़क के जंगल में एक महिला की मौत हो गई। उसका पति मामूली रूप से घायल है। दोनों इंदौर से बलेट पर सवार होकर सिंगरौली जा रहे थे। पति इसे हादसा बता रहा है। महिला के परिजन ने हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि महिला के गले पर दबाने और नाखून के निशान है, इसलिए मामला संदिग्ध लग रहा है। सरई थाना पुलिस के मुताबिक, रिया राय और दिलीप जायसवाल के बीच 2019 से प्रेम संबंध थे। रिया ने दिलीप के ऊपर रेप का मामला दर्ज भी कराया था। इसमें दिलीप 3 महीने जेल में रहा। फिर रिया ने ही दिलीप की जमानत कराई थी।
दिलीप के जेल से बाहर आने के बाद 28 सितंबर 2019 को दोनों ने जबलपुर में कोर्ट मैरिज कर ली, तब से दोनों एक साथ रह रहे थे। एक महीने पहले रिया, दिलीप को लेकर अपने भाई के पास इंदौर चली गई। वहां से 4 जुलाई को अपने गांव बरका (सिंगरौली) के लिए रवाना हुए थे, जहां रविवार रात करीब 11 बजे यह घटना हो गई।
प्रेमजाल में फंसाकर हत्या करने का आरोप
रिया की मां रेणु राय का आरोप है कि मेरी बेटी की हत्या उसके पति दिलीप ने की है। पहले उसने बेटी को प्रेमजाल में फंसाकर कोर्ट मैरिज की। फिर उसे शराब पीकर प्रताड़ित करने लगा। बेटी ने विरोध किया तो उसे इस तरह मार डाला। भाई रिकी राय का आरोप है कि दिलीप इंदौर में रहते हुए मेरी बहन को लगातार प्रताड़ित करता था। परिवार से बातचीत करने के लिए रोकता था। इसके अलावा दिलीप के घरवाले उसे फोन कर कहते थे कि लड़की को तुम छोड़ दो। लौट आओ हम संभाल लेंगे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था।
रिकी के मुताबिक, रिया और दिलीप एक बैग और एक हेलमेट लेकर इंदौर से जबलपुर के लिए बुलेट से 4 जुलाई को सुबह 10.30 बजे निकले थे। दोपहर 3 बजे दोनों भोपाल पहुंचे। इस दौरान हम लोगों की बातचीत हुई। फिर 4 जुलाई को ही रात 9.30 बजे दोनों जबलपुर पहुंचे। वहां होटल में एक कमरा ले लिया। बातचीत हुई तो उन्होंने कहा कि कल निकलेंगे। फिर 6 जुलाई की दोपहर 12 बजे बात हुई, तब दोनों लोगों ने कहा कि अब सिंगरौली के लिए निकल रहे हैं।
रविवार सुबह हुई थी मां-बेटी की आखिरी बात रिकी ने बताया कि 6 जुलाई की रात 8 बजे रिया ने मम्मी से बात की। कहा-हम लोग 11.12 बजे तक सिंगरौली पहुंच जाएंगे। उसके बाद रात 10.45 पर मैंने फोन लगाया तो दिलीप ने बताया कि अभी हम लोग निवास में हैं। चाय पीकर निकल रहे हैं। इसके बाद करीब 11.30 बजे दिलीप ने फोन कर बताया कि उनकी बुलेट का एक्सीडेंट हो गया है। रिकी ने कहा- यह पूरी तरह से साजिश है। मेरी बहन को मारा गया है। आज सोमवार को बहन रिया को स्कूल में अतिथि शिक्षक के पद पर जॉइन करना था, इसीलिए इंदौर से दोनों चले गए थे।
इनका कहना है।
सरई थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया से बात करने पर उन्होंने बताया कि कई बिंदुओ पर जाँच जारी है पुलिस सभी एंगल से जाँच कर रही है अब पीएम रिपोर्ट आने के बाद कुछ सही जानकारी आ पायेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button