सिंगरौली

‘सृजन संवाद’ में विद्यार्थियों ने जानी पुलिस की कार्यप्रणाली

थानों का किया शैक्षणिक भ्रमण

बैढ़न और विंध्यनगर थाने में साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा यातायात नियमों की दी गई जानकारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
सिंगरौली। विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता, सुरक्षा की समझ और पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस ने ‘सृजन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया। इसके तहत सरस्वती विद्यालय विंध्यनगर के विद्यार्थियों ने विंध्यनगर थाना तथा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बैढ़न के विद्यार्थियों ने बैढ़न थाने का शैक्षणिक भ्रमण कर पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं, अधिकारियों की जिम्मेदारियों और अपराध नियंत्रण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
विद्यार्थियों ने थाना प्रभारी कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष, प्रधान आरक्षक लेखक कक्ष, हेल्प डेस्क, ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क, मालखाना और बंदीगृह का अवलोकन किया। पुलिस अधिकारियों ने शिकायत दर्ज करने, अभिलेखों के संधारण, जब्त सामग्री के सुरक्षित रखरखाव और कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी दी। साथ ही बीट पुलिसिंग की व्यवस्था और क्षेत्र में पुलिस की भूमिका भी समझाई।
साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महिला एवं बाल सुरक्षा, छेड़छाड़ और उत्पीड़न जैसी घटनाओं से बचाव तथा असुरक्षित परिस्थिति में सहायता प्राप्त करने के उपाय बताए गए। आपात स्थिति में डायल 112 की उपयोगिता समझाई गई। साइबर अपराधों से बचाव के लिए ओटीपी, पासवर्ड और व्यक्तिगत जानकारी अनजान लोगों से साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का किया समाधान
यातायात सुरक्षा के तहत हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग सहित यातायात नियमों के पालन का महत्व बताया गया। विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली और थाने की विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरल भाषा में जवाब दिया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी बैढ़न अभिमन्यु द्विवेदी, थाना प्रभारी विंध्यनगर आराधना सिंह परिहार सहित दोनों थानों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अनुशासित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस का उद्देश्य ‘सृजन संवाद’ के माध्यम से विद्यार्थियों को पुलिस व्यवस्था से परिचित कराने के साथ उनमें कानून के प्रति सम्मान, सामाजिक जिम्मेदारी और सुरक्षा की भावना विकसित करना है। इस पहल के जरिए पुलिस और विद्यार्थियों के बीच विश्वास एवं सकारात्मक संवाद को मजबूत करने का प्रयास किया गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button