
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जीवन रक्षक कई स्वास्थ उपकरण लगने वाले है। जिनके बाद हार्ट के मरीजों को दूसरे शहरों में मिलने वाली सुविधाएं अब शाहबाद के सीएचसी पर ही मिलना शुरू हो जाएंगी। गरीब मरीजों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। सीएचसी के चिकित्सा अधिकारी डॉ मोहित रस्तोगी के द्वारा किए गए प्रयासों से शाहबाद के सीएचसी को ईसीजी, डीफ़िब्रिलेटर, डेंटल चेयर, लेबर बेड, नवजात बच्चे को गर्म करने वाले रेडिएंट वर्मर, ऑपरेशन थियेटर की टेबल, ऑपरेशन थियेटर की डोर लाइट जैसे उपकरण मिले है। ईसीजी और डीफ़िब्रिलेटर इमरजेंसी में लगने के बाद हार्ट के मरीजों को बहुत राहत मिलेगी। डीफ़िब्रिलेटर एक जीवन रक्षक स्वास्थ उपकरण है जो अचानक कार्डियक अरेस्ट के दौरान हृदय को विद्युत झटका देकर धड़कन को सामान्य करता है। यह हृदय को फड़कने या रुकने पर उसे रिस्टार्ट करने में मदद करता है जबकि ईसीजी मशीन द्वारा दिल की धड़कन की दर और लय का पता लगाया जाता है। दोनों उपकरण दिल के मरीजों के लिए बेहद जरूरी है। जबकि अन्य उपकरण ऑपरेशन थियेटर से जुड़े है। शाहबाद सीएचसी पर यह सुविधाएं मिलने के बाद गरीब मरीजों को बहुत राहत मिलेगी। सीएचसी अधीक्षक डॉ मोहित रस्तोगी ने बताया कि सीएचसी पर 70 प्रकार की जांचे निःशुल्क की जा रही है। जिसके शुगर, सीबीसी, टाइफाइड, मलेरिया, कालेस्ट्रॉल की जांचे की जा रही है। वही सीएचसी की इमरजेंसी में ईसीजी और डीफ़िब्रिलेटर मशीन लगने वाली है। टेक्निशन को बुलाकर सभी मशीनें चालू कराई जा रही है, उम्मीद है कि शाहबाद क्षेत्र के लोगों को एक सप्ताह में यह सभी सुविधाएं मिलना शुरू हो जायेंगी।

