मथुरा
सफाईकर्मी कम वेतन और अधिक काम की नीति के विरुद्ध फूंकेंगे बिगुल

मथुरा। कोसीकलां में सफाईकर्मचारियों ने नगर पालिका प्रशासन पर शोषण के आरोप लगाए हैं। कम वेतन और अधिक काम की नीति के विरुद्ध बिगुल फूंकेंगे। मांगें पूरी न हुईं तो आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए रणनीति बनानी शुरू कर दी है। समस्याओं को लेकर बठैनगेट वाल्मीकि पार्क में बुधवार को सफाई कर्मचारियों ने बैठक का आयोजन किया, जिसमें वक्ताओं ने चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल पर शोषण का आरोप लगाया। कहा कि कर्मचारियों की संख्या आज भी वहीं की वहीं है, जबकि क्षेत्र और आबादी लगातार बढ़ रही है। आरोप लगाया कि एक कर्मचारी से चार कर्मचारियों के बराबर काम लिया जा रहा है। पालिका की करीब डेढ़ लाख की जनसंख्या है, लेकिन सफाई कर्मचारियों की संख्या करीब 108 ही है। पालिका सफाईकर्मी बढ़ाने के बजाए सरकार को हर बार बैकलाॅग के 37 कर्मचारियों को इनके साथ जोड़कर दिखाती है, जबकि उनसे सफाई की जगह अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश वाल्मीकि ने कहा कि राज्य सरकार के जीओ के विपरीत कर्मचारियों को नौ हजार रुपये दिए जा रहे हैं। जबकि आउट सोर्सिंग वाले कर्मचारियों का जीओ करीब 15 हजार रुपये का है। गिर्राज वाल्मीकि ने कहा कि चेयरमैन समाज के लोगों के साथ अन्याय कर रहे हैं। किशोर वाल्मीकि ने कहा कि आगे की कार्रवाई के लिए जल्द अगली बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। लच्छी ठेकेदार, अप्पू प्रधान, राजीव प्रधान, व जगन, लटूर, विजय, पप्पे ठेकेदार, पप्पू होडलिया, अजय भगत आदि लोग माैजूद थे।



