बरेली
1 नवंबर को निकलेगी भगवान श्री चित्रगुप्त जी की भव्य शोभायात्रा
त्रिवटीनाथ से गुदड़बाग तक गूंजेगा जयकारा

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। कायस्थों के आराध्य भगवान श्री चित्रगुप्त जी की भव्य शोभायात्रा 1 नवंबर को शहर में पूरे श्रद्धा-उल्लास के साथ निकाली जाएगी। 19 वर्षों से अनवरत चली आ रही इस परंपरा को लेकर कायस्थ चेतना मंच ने सिविल लाइंस के एक होटल में प्रेसवार्ता कर तैयारियों का ब्योरा दिया।
संरक्षक डॉ. पवन सक्सेना बोले – न्याय के अधिष्ठाता हैं चित्रगुप्त, दर्शन से मिटते हैं पाप
संस्था के संरक्षक डॉ. पवन सक्सेना ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त सृष्टि में न्याय के अधिष्ठाता हैं। शास्त्रों में मान्यता है कि उनके दर्शन मात्र से मनुष्य के पाप कर्मों के कष्टों का हरण हो जाता है। उन्होंने कहा कि यह केवल कायस्थ समाज की नहीं, बल्कि पूरे सनातन समाज की शोभायात्रा है, जिसमें सभी समाज के लोग उत्साह से शामिल होंगे।
अध्यक्ष संजय सक्सेना ने बताया कि शोभायात्रा रविवार शाम 4 बजे श्री त्रिवटीनाथ मंदिर से शुरू होकर शाम 7 बजे गुदड़बाग स्थित चित्रगुप्त मंदिर पहुंचेगी। इसे देवी-देवताओं के जीवंत स्वरूपों और भव्य झांकियों से सजाया जाएगा। महिला अध्यक्ष अनीता मुकेश ने बताया कि तैयारियां पूरी हैं, वहीं महामंत्री अमित सक्सेना बिंदु ने सभी से त्रिवटीनाथ मंदिर पहुंचने की अपील की।
प्रेसवार्ता में वीरेंद्र आर्य, निर्मय सक्सेना, प्रदीप मधुवार, विजय सक्सेना, वीके सक्सेना, राजीव सक्सेना, चमन सक्सेना, अविनाश सक्सेना, ईशान इंदु, अनुराग भूषण, सुधांशु सक्सेना, प्रवेश वर्मा, स्वाति सक्सेना और छवि सक्सेना मौजूद रहे।


