दुमका

रामनवमी पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित

District level peace committee meeting held regarding Ram Navami festival

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
दुमका। रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने हेतु इंडोर स्टेडियम में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, अखाड़ा समिति के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के सभी थानों में शांति समिति की बैठकें संपन्न कर ली गई हैं तथा जिला स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। प्रशासन द्वारा विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं पर्व के सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि जिले में आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द की परंपरा को बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जुलूसों की निगरानी हेतु दंडाधिकारी तैनात रहेंगे तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि डीजे के उपयोग एवं झंडों के आकार को लेकर सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अखाड़ा समितियां अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने बताया कि सभी जुलूसों में दंडाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। साथ ही अखाड़ा समितियों से प्रशासन को अपेक्षित सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया गया। जुलूस मार्गों का पूर्व सत्यापन करते हुए निर्धारित मार्ग पर ही जुलूस निकालने का निर्देश दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर बिजली तारों की जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर परिषद को पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई बनाए रखने एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को प्रमुख स्थलों पर मेडिकल टीम तैनात करने तथा अलर्ट मोड में रहने को कहा गया। अग्निशमन विभाग को भी अपने वाहनों को तैयार स्थिति में रखने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई। आम नागरिकों से कहा गया कि वे किसी भी समस्या या सूचना को कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाएं। पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने बताया कि 27 मार्च को तथा कुछ स्थानों पर 28 मार्च को भी जुलूस निकाले जाएंगे। उन्होंने सभी से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की तथा जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से बचने के लिए सतर्क रहने को कहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button