ललितपुर
हाई-वे पर लगा कट खुलवाये जाने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। निकटवर्ती ग्राम रोंडा पर नेशनल हाई-वे 44 पर लगे कट जहां से ग्रामीणों को निकलने में सुविधा होती है को बंद कर दिया गया है। इस कट के बंद होने से लोगों को परेशानियां उठानी पड़ रहीं हैं। इस सम्बन्ध में गांव के कुछ लोगों ने लामबंद होकर जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र भेजकर समस्या निस्तारण के लिए उक्त कट को खुलवाये जाने की मांग उठायी है। शिकायती पत्र में बताया गया है कि नेशनल हाईवे पर दो कट लगे हुये हैं, जिसके लिए प्रशासन ने बंद करा दिया है। बताया कि इस कट के बंद होने से ग्रामीणों को करीब 2 किमी दूर घूमकर आना-जाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि डिवाइडर से वाहन को पार कर रहे लोगों को जानमाल का खतरा बना हुआ है। इसके चलते किसी अप्रिय घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसलिए ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से उक्त कट को खुलवाये जाने की मांग उठायी है, जिससे ग्रामीणों को परेशानियां न उठानी पड़े। पत्र देते समय डौली राजा बुन्देला, अजय प्रताप सिंह तोमर, दिनेश पाण्डेय, प्रिंस राठौर, मनोज जैन के अलावा अनेकों लोग मौजूद रहे।



