खैरथल

एसआईआर अभियान के तहत घर-घर शुरू हुआ मतदाता सर्वे

बीएलओ कर रहे गणना प्रपत्र का वितरण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

खैरथल-तिजारा। राज्य के साथ-साथ खैरथल-तिजारा कार्यक्रम जिले में भी मंगलवार से विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की औपचारिक शुरुआत की गई। अभियान के प्रथम चरण में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ (बूथ स्तर अधिकारी) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करने का कार्य प्रारंभ हुआ। यह अभियान आगामी एक माह तक संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत प्रत्येक मतदाता से व्यक्तिगत संपर्क कर उनके मतदाता विवरण का सत्यापन एवं अद्यतन किया जाएगा।
प्रथम दिन किशनगढ़-बास विधानसभा क्षेत्र में 1139, तिजारा विधानसभा क्षेत्र में 984 तथा मुंडावर विधानसभा क्षेत्र में 303 गणना प्रपत्र वितरित किए गए। इस प्रकार जिले में पहले ही दिन कुल 2426 गणना प्रपत्र घर-घर पहुंचाए गए।
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर गणना प्रपत्र वितरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ तथा मतदाताओं से संवाद करते हुए अभियान के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने मतदाताओं को अपने-अपने विवरण सही-सही भरकर बीएलओ को समय पर जमा कराने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विशेष रूप से युवा मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने और अपने परिवार के सदस्यों के गणना प्रपत्र ऑनलाइन माध्यम से भरने को प्राथमिकता दें, जिससे प्रक्रिया और अधिक सहज एवं पारदर्शी बन सके।
इस विशेष अभियान का लक्ष्य मतदाता सूची को पूर्ण रूप से अद्यतन, सटीक एवं त्रुटि रहित बनाना है, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का सुगमता से उपयोग करने का अवसर मिल सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button