बेतुल
बैतूल सुखदेव पांसे का राजनीति में राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा कद
उत्तराखंड के बाद अब राजस्थान में नियुक्त हुए ऑब्जर्वर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस संगठन के उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत छाप छोड़ते जा रहे हैं। नर्मदापुरम संभाग के वे अकेले ऐसे नेता हैं जिन्हें पार्टी हाईकमान ने उत्तराखंड के बाद अब राजस्थान जैसे महत्वपूर्ण राज्य में भी ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी उनकी संगठनात्मक दक्षता और नेतृत्व क्षमता की बड़ी स्वीकारोक्ति मानी जा रही है।
पांसे का राजनीतिक सफर हमेशा सेवा और संवेदनशीलता से जुड़ा रहा है। विधायक एवं मंत्री रहते हुए उन्होंने जनता से अपने संबंध कभी कमजोर नहीं होने दिए। कोरोना महामारी के दौरान वे दिन-रात अपने क्षेत्र की जनता के बीच मौजूद रहे। सरकारी राहत पहुचाने में प्रशासन के साथ तालमेल बैठाने के साथ-साथ उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर भी जरूरतमंदों तक मदद पहुचाई। यही जमीनी जुड़ाव और मानवता उन्हें जनता के बीच खास बनाती है।
जिले के लिए यह गर्व की बात है कि बैतूल का नेतृत्व अब राष्ट्रीय स्तर पर भी पार्टी की नीतियों और संगठन को मजबूती प्रदान कर रहा है। संगठनात्मक दृष्टि से पांसे की पकड़ और कार्यकुशलता ने कांग्रेस हाईकमान को लगातार प्रभावित किया है। उनकी वाक्पटुता, दूरदर्शिता और संगठन संचालन की क्षमता ने उन्हें उत्तराखंड जैसे राज्यों से आगे बढ़ाकर अब राजस्थान जैसे बड़े राज्य में जिम्मेदारी दिलाई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस नेतृत्व द्वारा उन्हें लगातार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपा जाना इस बात का संकेत है कि पार्टी उनके अनुभव और नेतृत्व का लाभ अब पूरे देश में उठाना चाहती है।



