ललितपुर
जिलाधिकारी ने वृक्षरोपण, पर्यावरण, गंगा समितियों की ली बैठक
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
वृक्षारोपण हेतु विभागों को जियो टैंगिंग पूर्ण कराने व पौधों के संरक्षण हेतु कार्ययोजना तैयार करने के दिये निर्देश
ललितपुर। जिलाधिकारी अमनदीप डुली की अध्यक्षता में वृक्षारोपण, पर्यावरण, गंगा समितियों की समीक्षा हेतु बैठक का आयोजन बुधवार को कलैक्ट्रेट सभागार में किया गया। डीएम ने वृक्षारोपण कार्य की समीक्षा करते हुए सम्बंधित विभागों से चर्चा करते हुए जियो टैगिंग शीघ्र पूर्ण कराने हेतु निर्देश दिए। साथ ही पौधरोपण के उपरान्त पौधों की सुरक्षा सिंचाई एवं संरक्षण हेतु प्रत्येक विभागों से कार्य योजना तैयार कर प्रभागीय निदेशक को प्रेषित करने एवं निगरानी एवं जनसहभागिता हेतु ग्राम स्तर पर वन संरक्षण/मोनिटरिंग समितियों का गठन किये जाने के निर्देश दिये गए। उन्होंने कहा कि समस्त विभागों को पौध संरक्षण हेतु विद्यालयों, सामुदायिक भवनों एवं पंचायतों के माध्यम से जागरूकता अभियान कार्यक्रम संचालित कराये जायें। इसके अलावा जनपद में ठोस अपशिस्ट, प्लास्टिक अपशिस्ट, जैव अपशिष्ट, ई-वेस्ट आदि के निस्तारण के भी निर्देश दिए गए। डीएफओ ने बताया कि इस वर्ष किये गए वृक्षारोपण की जियो टैगिंग का कार्य कुछ विभागों द्वारा पूर्ण नहीं कराया गया है। इस वर्ष किये गए वृक्षारोपण की सुरक्षा सिंचाई एवं संरक्षण हेतु प्रत्येक विभागों द्वारा कार्य योजना तैयार करने के निर्देश शासन से प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री द्वारा सतत विकास की अवधारणा से जनमानस को जोडऩे हेतु सभी ग्राम पंचायतो एवं नगर निकायों में ग्रीन चौपाल के आयोजन हेतु निर्देश दिए गये हैं, जिसके क्रम में जिलाधिकारी द्वारा डीएफओ, सीडीओ व डीपीआरओ को अनुपालनार्थ कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। यह भी अवगत कराया गया कि प्रत्येक माह के तीसरे सोमवार को ग्रीन चौपाल का आयोजन ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में किया जायेगा। बैठक में सीडीओ शेषनाथ चौहान, एडीएम अंकुर श्रीवास्तव, सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद, बीएसए, एसडीओ रेशम विभाग चन्द्रकान्त सिंह, डीआईओएस ओमप्रकाश, पीडब्ल्युडी एक्सईएन जे.पी.खरे, डीआईओ, असिस्टेंट प्रोफेसर रीतेश खरे, सहायक अभियंता विद्युत वीरभद्र, अवर अभियंता आदि उपस्थित रहे।