ललितपुर
टीबी मरीजों के स्वस्थ होने की राह हुई आसान
बांटी गई पोषण सामग्री, मरीजों को गोद लेने की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले के क्षयरोग नियंत्रण केन्द्र पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें टीबी मरीजों को पोषण सामग्री (पोषण पोटली) का वितरण किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य मरीजों के पोषण स्तर को सुधार कर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाना है। सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद ने बताया कि यह कार्यक्रम मरीजों को दवा के साथ-साथ बेहतर पोषण प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है, ताकि वह शीघ्र स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट सकें। पब्लिक हेल्थ स्पेशिलिस्ट डा.सौरभ सक्सेना ने जानकारी दी कि टीबी मरीजों को गोद लेने के लिए आमजन को प्रेरित किया जा रहा है। आम नागरिक, अधिकारी और समाजसेवी संस्थाएं निक्षय मित्र बनकर मरीजों के पोषण में सहयोग कर सकते हैं और सच्ची मित्रता निभा सकते हैं। उप जिला क्षयरोग अधिकारी डा.धीरेन्द्र वैध ने स्पष्ट किया कि टीबी एक पूर्ण रूप से इलाज योग्य बीमारी है। इसके लिए आवश्यक है कि मरीज नियमित रूप से अपनी दवा का सेवन करें और उचित पोषण प्राप्त करें। स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी उन्मूलन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इस अभियान की पूर्ण सफलता के लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान जिला क्षयरोग नियंत्रण केन्द्र के पीपीएम आदेश श्रीवास्तव, डीपीसी शिवराम सिंह, डीपीटीसी मनोज गुप्ता और टीबीएचवी विकास कुमार श्रीवास्तव सहित विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



