बेतुल
बैतूल यातायात सुधार के लिए भारी वाहनों पर रोक की तैयारी
चिचोली की यातायात समस्या पर एनएसयूआई की पहल लाई रंग ,भोले चौक से जय स्तंभ चौक तक भारी वाहनों पर लगेगी रोक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चिचोली। चिचोली नगर की गंभीर यातायात समस्या को लेकर एनएसयूआई के प्रदेश सचिव हर्ष भुसारी द्वारा नगर परिषद चिचोली को दिए गए ज्ञापन पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने संज्ञान लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ज्ञापन में भोले चौक से जय स्तंभ चौक तक नगर के मुख्य और अत्यंत व्यस्त मार्ग पर भारी वाहनों एवं गन्ना ट्रॉलियों के आवागमन पर रोक लगाकर उन्हें अस्पताल रोड के माध्यम से संचालित किए जाने की मांग की गई थी।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि उक्त मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिक, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं, दोपहिया वाहन चालक एवं पैदल यात्री गुजरते हैं, ऐसे में भारी वाहनों के कारण लगातार यातायात जाम, दुर्घटनाओं की आशंका, ध्वनि प्रदूषण और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में भी बाधा उत्पन्न होती है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर परिषद चिचोली ने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए भारी वाहनों एवं गन्ना ट्रॉलियों का आवागमन अस्पताल रोड से संचालित किए जाने की दिशा में आवश्यक आदेश जारी किए जाएंगे, ताकि नगर की यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके।
इस अवसर पर एनएसयूआई प्रदेश सचिव हर्ष भुसारी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य नगर की आम जनता की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाकर उनका समाधान कराना है। प्रशासन द्वारा इस विषय पर सकारात्मक रुख अपनाया जाना स्वागतयोग्य है। कार्यक्रम के दौरान पूर्व पार्षद रूपेश आर्य एवं कांग्रेस नेता विकास आर्य भी उपस्थित रहे, जिन्होंने चिचोली नगर की यातायात समस्या के शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया। इस पहल से नगरवासियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



