वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय में संविधान दिवस पर राष्ट्रीय संगोष्ठी
विशेषज्ञ बोले—“भारतीय संविधान राष्ट्रीय एकता, अखण्डता और सामाजिक न्याय की सबसे मजबूत नींव’’

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय/संस्थान में भारतीय संविधान दिवस (26 नवम्बर) के उपलक्ष्य में “भारतीय संविधान—राष्ट्रीय एकता, अखण्डता एवं सामाजिक न्याय का संवाहक’’ विषय पर एकदिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से आए प्रख्यात कानूनविदों, सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ताओं, सामाजिक न्याय कार्यकर्ताओं और शिक्षाविदों ने भाग लेते हुए भारतीय संविधान की शक्तिशाली एवं समावेशी प्रकृति पर विस्तृत चर्चा की।
अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित संगोष्ठी का शुभारम्भ मुख्य अतिथि एवं प्रतिष्ठित सोशल जस्टिस एक्टिविस्ट सुश्री अंकिता सिंह, प्रतिकुलाधिपति डाॅ. राजीव त्यागी, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता विनीत सिंह, अधिवक्ता हरदीप सिंह, साहित्यकार डाॅ. मधु चतुर्वेदी, एवं कुलसचिव प्रो. पीयूष पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मुख्य अतिथि एवं प्रतिकुलाधिपति ने हजारों छात्र–छात्राओं को संविधान में निहित मौलिक कर्तव्यों के निष्ठापूर्वक पालन की शपथ दिलाई।
अपने संबोधन में सुश्री अंकिता सिंह ने कहा कि भारत जैसी विशाल विविधता वाले देश में संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार और अवसर प्रदान करता है। “हमारा संविधान निस्संदेह दुनिया का सबसे सुंदर और मजबूत संविधान है, लेकिन जितना हम अपने अधिकारों पर जोर देते हैं, उतनी ही तत्परता से हमें अपने मौलिक कर्तव्यों का पालन भी करना चाहिए,” उन्होंने कहा।
वेंक्टेश्वरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरि ने संविधान को 140 करोड़ भारतीयों की ‘‘आत्मा’’ बताते हुए कहा कि समानता, स्वतंत्रता, शिक्षा एवं न्याय जैसे मौलिक अधिकार नागरिकों की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। वहीं प्रतिकुलाधिपति डाॅ. राजीव त्यागी ने कहा कि अधिकार और कर्तव्य दोनों मिलकर ही राष्ट्र निर्माण को सार्थक बनाते हैं।
संगोष्ठी में वरिष्ठ अधिवक्ता हरदीप सिंह, प्रो. पीयूष पाण्डेय, डाॅ. मधु चतुर्वेदी सहित अन्य विशेषज्ञों ने भारतीय संविधान को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार बताया। कार्यक्रम में डाॅ. राजेश सिंह, डाॅ. नीतू पंवार, डाॅ. सुमन कुमारी, डाॅ. राजवर्द्धन सिंह सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
आयोजन का सफल संचालन वेंक्टेश्वरा स्कूल ऑफ लॉ एवं स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज और सोशल स्टडीज के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।


