ललितपुर
साप्ताहिक परेड का एसपी ने किया निरीक्षण, ली सलामी
प्रशिक्षु आरक्षियों को दिये महत्वपूर्ण टिप्स

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक ने शुक्रवार को साप्ताहिक परेड की सलामी ली, तदोपरान्त सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। एसपी ने रिक्रूट आरक्षियों की परेड में खड़े होने, सावधान, विश्राम, मार्च करने के सही तरीके, टर्न-आउट, एक साथ टोली में फॉल-इन होना आदि के विषय में निरीक्षण कर प्रशिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद रिजर्व पुलिस लाइन्स में क्वार्टर गार्द, स्टोर, आर्मरी, कैन्टीन, सीसीटीवी कन्ट्रोल रुम एवं पुलिस लाइन की विभिन्न मदों का निरीक्षण कर सम्बन्धित को साफ-सफाई व उचित रख-रखाव हेतु निर्देशित किया। एसपी ने मेस का निरीक्षण कर मेस में साफ-सफाई रखने, खाने की उच्च गुणवत्ता रखने व मौसमी सब्जियां इस्तेमाल करने हेतु सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एसपी ने यू.पी.-112 के वाहनों को चेक कर उसमें कार्यरत अधिकारियों व पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक इवेन्ट की सूचना पर शीघ्र-अतिशीघ्र पहुंचकर पीडि़त की हरसंभव मदद करें तथा पीडि़त के साथ शिष्टतापूर्वक व्यवहार करना सुनिश्चित करें। आदेश कक्ष में अर्दली रुम के दौरान पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा प्रेषित किये गये प्रशिक्षण रजिस्टर, रिजर्व पुलिस लाइन्स की विभिन्न मदों के रजिस्टरों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया तथा संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। परेड में शामिल पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से उनकी समस्याओं को सुनकर, सम्बन्धित को अविलम्ब निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन्स सुनील कुमार, प्रतिसार निरीक्षक जगदीश चन्द्र समेत अन्य पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों मौजूद रहे।