गोड्डा
चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का असर
महागामा का जनजीवन प्रभावित, धान फसल बर्बाद, चारों ओर मायूसी का माहौल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा/महागामा। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ अब गोड्डा जिले तक अपने असर दिखाने लगा है। लगातार तेज हवाओं और रुक-रुक कर हो रही बारिश ने पूरे जिले के जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। विशेष रूप से महागामा प्रखंड क्षेत्र में इसका गहरा प्रभाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच से ही बादल छाए हुए हैं। भारी बारिश के साथ तेज हवा चलने लगी। ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप, कच्चे घरों की दीवारें गिरीं और पेड़ उखड़ने की घटनाएं भी सामने आई हैं। वहीं, खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है, जिससे किसानों की कमर टूट गई है।
किसानों में गहरी निराशा : इधर, महागामा प्रखंड के बसुआ, करनू मोहनपुर, गुदिया आदि पंचायतों में किसानों की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। कई किसानों ने बताया कि तूफान के कारण खेतों में पानी भर गया है, जिससे धान की बाली झुककर सड़ने लगी है। किसान राहुल कुमार ने बताया कि हम लोगों ने बड़ी मेहनत से फसल तैयार की थी, लेकिन मंथा तूफान ने सब कुछ चौपट कर दिया। अब आने वाले दिनों में परिवार चलाना मुश्किल होगा।
प्रशासन अलर्ट मोड में : दूसरी तरफ महागामा के अंचल अधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। किसानों की क्षति का आकलन करने के लिए टीम बनाई गई है। जल्द ही नुकसान का सर्वे कराकर सरकारी मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मौसम विभाग का अनुमान : उधर, मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक तूफान का असर जारी रह सकता है। इसलिए लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।



