पाकुड़ के लिए ऐतिहासिक गौरव का क्षण, 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय सम्मान
A moment of historical pride for Pakur, National Honour from the President on the 16th National Voters' Day

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ जिला 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय पटल पर गौरव का प्रतीक बनकर उभरा है। महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के कर-कमलों से राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त होना जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह सम्मान लोकतांत्रिक समावेशन के क्षेत्र में पाकुड़ जिले द्वारा किए गए नवाचारों, सतत प्रयासों और प्रतिबद्ध कार्यशैली की सशक्त पहचान है। जिले द्वारा संचालित ‘प्रोजेक्ट समावेश’ के माध्यम से ट्रांसजेंडर समुदाय, दिव्यांगजन, पीवीटीजी (विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह) तथा युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने की अभिनव पहल को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सराहना मिली है। यह परियोजना लोकतंत्र को केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता से सुदृढ़ होने वाली व्यवस्था के रूप में स्थापित करती है। यह गौरवपूर्ण सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि जिले के उन सभी कर्मठ लोकतंत्र प्रहरीयों का है, जिन्होंने दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, कठिन रास्तों और प्रतिकूल मौसम की परवाह किए बिना मतदाता जागरूकता एवं समावेशन के संकल्प को धरातल पर उतारा। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, एआरओ, ईआरओ तथा जिला निर्वाचन कार्यालय से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों की दिन-रात की अथक मेहनत, अनुशासन, निष्ठा और समर्पण निहित है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, रांची एवं भारत निर्वाचन आयोग के प्रति मार्गदर्शन, सहयोग और विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया। उपायुक्त ने समस्त जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान टीमवर्क, नवाचार, कर्तव्यनिष्ठा और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। सभी कर्मियों की प्रतिबद्धता ने पाकुड़ जिले का मस्तक राष्ट्रीय स्तर पर गर्व से ऊँचा किया है। यह सम्मान लोकतंत्र के प्रति अटूट आस्था और सेवा भावना का प्रतिफल है। समस्त टीम को हार्दिक बधाई एवं अभिनंदन।



