अंतरराष्ट्रीय

रूस में नौ-दिवसीय भारत उत्सव शुरू हुआ

 

क्रेमलिन : ( एजेंसी ) कई भारतीय राज्यों की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित करने वाला नौ-दिवसीय भारत उत्सव शनिवार को यहां क्रेमलिन के निकट शुरू हुआ। ‘इंडिया फेस्ट’ या भारत उत्सव के तहत भारतीय खाद्य पदार्थों और हस्तशिल्प के स्टॉल लगाए गए हैं। इस उत्सव का आयोजन यहां भारतीय दूतावास और रूस सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा स्थानीय अभियान ‘मॉस्को समर’ के तहत संयुक्त रूप से किया जाता है। भारत उत्सव का उद्घाटन करते हुए राजदूत विनय कुमार ने कहा कि दिल्ली, महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु और नगालैंड समेत कई भारतीय राज्य नौ-दिवसीय उत्सव के दौरान नृत्य और कला के माध्यम से अपनी अनूठी संस्कृति और परंपराओं को प्रस्तुत कर रहे हैं। मॉस्को शहर पर्यटन समिति के उपाध्यक्ष बुलट नूरमुखानोव ने उद्घाटन समारोह में कहा कि यह अभूतपूर्व है कि कोई विदेशी सांस्कृतिक महोत्सव क्रेमलिन और रेड स्क्वायर के इतने करीब आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘यह उत्सव भारत-रूस संबंधों की गहराई और हमारे लोगों और नेतृत्व की मित्रता का प्रतीक है। यह उत्सव भारत के लोगों के साथ रूस के आम लोगों के संबंधों को और मजबूत करने में योगदान देगा।’’ उन्होंने कहा कि भारत से आने वाले पर्यटकों की संख्या कोविड से पूर्व स्तर पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 85,000 भारतीय पर्यटकों ने मॉस्को की यात्रा की थी।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button