खैरथल
सोडावास में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई
35 किलो प्योर सरस घी किया जप्त, 25 लीटर अवधि पार पैक्ड जूस मौके पर करवाया नष्ट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मंगलवार को सोडावास कस्बे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला खैरथल-तिजारा डॉ. अरविंद गेट के निर्देशन में की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मैसर्स श्यामलाल, जो राधा रानी डेयरी पर दूध की आपूर्ति करता है, के मिश्रित दूध का नमूना लिया गया। साथ ही डेयरी संचालक को बिना खाद्य लाइसेंस वाले दूध आपूर्तिकर्ताओं से दूध नहीं लेने के लिए पाबंद किया गया।
उन्होंने बताया कि मैसर्स राहुल किराना एवं जनरल स्टोर से प्योर सरस घी का नमूना लिया गया तथा लगभग 35 किलोग्राम घी जप्त किया गया। वहीं मैसर्स जैन श्री श्याम मिष्ठान भंडार एवं मैसर्स दायमा स्वीट्स एंड नमकीन से अवधि पार 25 लीटर पैक्ड जूस मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भिजवाया गया है। प्रयोगशाला से जांच परिणाम प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सभी दुकानदारों को खाद्य लाइसेंस को उचित एवं स्पष्ट स्थान पर प्रदर्शित करने तथा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी बबीता, मनीष शर्मा एवं सुभाष सिंह मौजूद रहे।
