
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद)। क्षेत्र के हयात एंक्लेव में स्वास्थ्य विभाग के नियमों को दरकिनार कर एक फर्जी डॉक्टर खुलेआम लोगों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, हयात क्लीनिक के नाम से चल रहे इस अवैध क्लीनिक का संचालन मोहम्मद अमन नामक व्यक्ति कर रहा है, चर्चा है कि इसके पास न तो मान्यता प्राप्त डिग्री है और न ही स्वास्थ्य विभाग की अनुमति।
हर मर्ज़ का “महारथी”!
स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहम्मद अमन ने अपने क्लीनिक के बाहर बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए हैं, जिन पर वह खुद को त्वचा रोग विशेषज्ञ, हेयर डॉक्टर, हिजामा एक्सपर्ट, फिजिशियन और गुप्त रोग विशेषज्ञ तक बताता है। इतना ही नहीं, वह लिकोरिया, जोड़ों का दर्द, सांस की समस्या, वजन बढ़ाने-घटाने जैसे तमाम रोगों के इलाज का दावा करता है।
लोगों का कहना है कि यह व्यक्ति इलाज के नाम पर मरीजों से भारी रकम वसूलता है और “24 घंटे सेवा उपलब्ध” का झांसा देकर भोले-भाले लोगों को ठग रहा है।
> स्थानीय निवासियों का व्यंग्य है — “इतना बड़ा मल्टी-स्पेशलिस्ट डॉक्टर तो हमने टीवी पर भी नहीं देखा!”
स्वास्थ्य विभाग के आदेशों की अनदेखी
बताया गया है कि यह क्लीनिक पूरी तरह से स्वास्थ्य मानकों के विरुद्ध संचालित हो रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जब भी स्वास्थ्य विभाग की टीम कार्यवाही के लिए यहां आती है, तो अमन को स्वास्थ्य विभाग के द्वारा पहले ही सूचना मिल जाती है और वह क्लीनिक बंद कर फरार हो जाता है। यह स्थिति न केवल विभागीय नियमों की अवहेलना है, बल्कि संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
क्या स्वास्थ्य विभाग इस फर्जीवाड़े पर अब कोई ठोस कदम उठाएगा या फिर यह “फर्जी डॉक्टर” यूं ही लोगों की सेहत से खेलता रहेगा — यह देखना बाकी है।



