गोड्डा
मंडल कारा के संयुक्त निरीक्षण में बंदियों की सुविधाओं की समीक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। नालसा एवं झालसा, रांची के निर्देशानुसार जेल मैनुअल 2016 के एसओपी के तहत गठित बोर्ड आफ विजिटर्स ने मंडल कारा गोड्डा का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में डालसा के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रमेश कुमार, उपायुक्त अंजली यादव, डालसा सचिव दीपक कुमार, एसडीओ बैद्यनाथ उरांव, सिविल सर्जन डा. एसएस शर्मा,समाज कल्याण पदाधिकारी पूर्णिमा कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, डीएसपी जेपीएन चौधरी, इंसपेक्टर मधुसूदन मोदक, दिनेश महली, थाना प्रभारी कृष्णा साह, महिला थाना प्रभारी गुलाब केसफोट्टा,विभागीय अभियंता आदि शामिल थे। निरीक्षण के दौरान सभी पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कारा परिसर के विभिन्न वार्डों , सुविधाओं व व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान बंदियों के आवास, भोजन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। विशेष रूप से यह देखा गया कि जेल के अंंदर किसी प्रकार का जाति आधारित भेदभाव, सम्मान आधारित भेदभाव या सामाजिक विभाजन से जुड़ी कोई प्रथा प्रचलित तो नहीं है। अधिकारियों ने बंदियों के बीच समानता, मानवाधिकार मानकों के पालन और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर भी ध्यान केन्द्रित किया। निरीक्षण के दौरान बोर्ड आफ विजिटर्स के सभी सदस्य उपस्थित थे। कारा प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। यह निरीक्षण कार्यक्रम जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और बंदियों के अधिकारों की स्थिति की समीक्षा के उद्देश्य से किया गया था।



