गोड्डा
15 अगस्त तक हो सकता है गोड्डा इंजीनियरिंग कॉलेज का उद्घाटन
- विधायक प्रदीप यादव ने की शिक्षा सचिव से मुलाकात

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पोड़ैयाहाट : विधायक सह नेता विधायक दल कांग्रेस प्रदीप यादव ने गोड्डा में शिक्षा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए रांची में उच्च स्तरीय अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव राहुल पुरवार से नेपाल हाउस स्थित उनके कार्यालय में भेंट की। इस दौरान बी.एड. कॉलेजों की मान्यता से संबंधित समस्याओं पर चर्चा हुई। श्री पुरवार ने बताया कि बी.एड. कॉलेजों की पुनरमान्यता के लिए कार्रवाई शुरू हो चुकी है और जल्द ही मान्यता प्रदान की जाएगी।
गोड्डा इंजीनियरिंग कॉलेज के विकास पर विशेष ध्यान देते हुए श्री यादव को सूचित किया गया कि प्रिंसिपल के पद पर बी.आई.टी. सिंदरी के प्रोफेसर डॉ. मदन गोपाल कियारी की नियुक्ति हो चुकी है। कॉलेज का उद्घाटन 15 अगस्त 2025 तक प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संयुक्त तत्वावधान में होगा, जिसकी तैयारियां तेजी से चल रही हैं। फैकल्टी नियुक्ति की प्रक्रिया भी प्रगति पर है। अगले तीन महीनों तक कॉलेज में नामांकित छात्रों की पढ़ाई बी.आई.टी. सिंदरी कैंपस में होगी, जिसके बाद उन्हें गोड्डा कैंपस में स्थानांतरित किया जाएगा। विधायक श्री यादव ने कॉलेज में हॉस्टल सुविधा शुरू करने का अनुरोध किया, जिस पर सकारात्मक विचार चल रहा है।
इसके अतिरिक्त, गोड्डा कॉलेज, गोड्डा की वन भूमि से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए नए सिरे से कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया गया। श्री यादव ने इस मुद्दे पर विस्तृत जानकारी ली और त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया। इसके अलावा विधायक श्री यादव ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के प्रधान सचिव से एम.डी.आई. भवन, प्रोजेक्ट भवन में मुलाकात की। इस बैठक में दामा उच्च विद्यालय, लीलादह उच्च विद्यालय, कस्तूरी उच्च विद्यालय और चौराजोर उच्च विद्यालय को +2 उच्च विद्यालय में अपग्रेड करने के प्रस्ताव पर गहन चर्चा हुई। प्रधान सचिव ने इस पर शीघ्र समीक्षा और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक प्रदीप यादव ने कहा: “गोड्डा में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने के लिए मैं प्रतिबद्ध हूँ। गोड्डा इंजीनियरिंग कॉलेज का उद्घाटन 15 अगस्त तक और अन्य शैक्षणिक संस्थानों का सशक्तिकरण क्षेत्र के युवाओं के लिए नए अवसर खोलेगा।”



