गोड्डा

पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम आयोजित

- छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, माँ के नाम लगाए गए 10 फलदार पौधे।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा/महगामा : सामाजिक सरोकार और पर्यावरणीय जागरूकता को एक भावनात्मक स्पर्श देते हुए पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, महागामा में “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गोड्डा वन प्रमंडल के बैनर तले मिशन लाइफ अभियान के अंतर्गत संचालित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में 10 फलदार पौधों के सामूहिक रोपण से हुई, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बड़े ही उत्साह और भावनात्मक लगाव के साथ हिस्सा लिया। हर छात्र ने एक पौधा अपनी माँ के नाम समर्पित किया और उसके संरक्षण व देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वन विभाग की ओर से प्रभारी वनपाल संजय हंसदा, रोशन कुमार झा और अशोक कुमार दास उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी ज़रूरत है। पौधरोपण केवल रस्म नहीं, बल्कि भविष्य की सुरक्षा की दिशा में एक ठोस कदम है।
विद्यालय के प्राचार्य महेंद्र राम ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल न केवल पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराती है, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव के माध्यम से छात्रों में संवेदनशीलता भी विकसित करती है। उन्होंने सभी बच्चों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सदैव जागरूक रहें और हर संभव योगदान दें। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने नारे लगाए, पोस्टर बनाकर संदेश दिए और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लिया। शिक्षकों और वन विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी प्रेरणादायक बना दिया। वहीं “एक पेड़ माँ के नाम” केवल एक पर्यावरणीय पहल नहीं रही, बल्कि यह एक ऐसी भावनात्मक अभिव्यक्ति बन गई, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रकृति से जोड़ने में एक सशक्त माध्यम साबित होगी। उप प्राचार्या हिना फख्र, प्रवीण कुमार, बिपिन कुमार, अरविंद कुमार, एसजी भाया, अंशुमल धान, बबीता, पूनम शर्मा, शमशेर आलम, राम चंद्र प्रसाद समेत विद्यालय के सभी कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने अपनी भागीदारी दिखाई।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button