ग्रामीणों को प्रमाणपत्र एवं जरूरी दस्तावेज़ों के लिए अब कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे- हेमलाल मुर्मू
Villagers will no longer have to run around offices for certificates and necessary documents - Hemlal Murmu

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। झारखण्ड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011 के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से रविवार को पंचायत सचिवालय फूल पहाड़ी एवं नावाडीह में “सेवा का अधिकार सप्ताह–2025” अंतर्गत पंचायत स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। दोनों पंचायतों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न सार्वजनिक सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, जे.एम.एम पार्टी के जिला अध्यक्ष अजीजूल इस्लाम, उपाध्यक्ष सामद अली,विधायक प्रतिनिधि रंजन साहा, बीस सूत्री अध्यक्ष प्रसाद हांसदा, जिला पशुपालन पदाधिकारी डा. नीरज गुप्ता, वेक्टर जनित रोग विशेषज्ञ डा. अमित कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार, उपस्थित थे। ग्राम पंचायत फूल पहाड़ी के आयोजित शिविर में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि “झारखण्ड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011 आम जनता को समयबद्ध सेवाएं प्रदान करने का अधिकार देता है। अब ग्रामीणों को प्रमाणपत्र एवं जरूरी दस्तावेज़ों के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सरकार आपके अधिकार को घर–द्वार पर पहुँचाने के लिए कृतसंकल्प है। पंचायत स्तरीय शिविरों के माध्यम से पारदर्शिता, जवाबदेही और सुगम सेवा–प्रदान सुनिश्चित किया जा रहा है।” उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं से अधिकाधिक जुड़ने और सेवाओं का लाभ लेने की अपील की। शिविर में पहुँचे लाभुकों को ऑन–द–स्पॉट प्रदान की गई सेवाएँ— जाति, आय एवं निवासी प्रमाणपत्र, जन्म–मृत्यु प्रमाणपत्र जारी/संशोधन, नया/संशोधित राशन कार्ड, दाखिल–खारिज निस्तारण, भूमि मापी, भूमि धारण प्रमाणपत्र एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित सेवाएं। मौके पर ही अनेक आवेदनों का निस्तारण किया गया। फूल पहाड़ी के आयोजित शिविर में विधायक द्वारा प्रमाणपत्र एवं स्वीकृति–पत्र सौंपे गए, जिससे ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया। शिविर को सफल बनाने में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मानिक दास, मुखिया रामधन मुर्मू, तालामई मरांडी, पंचायत सचिव राजेन्द्र भगत, सुषमा मुर्मू कर्मी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



